रिश्वतखोरी मामले में निगरानी की बड़ी कार्रवाई, डीएओ सुधीर कुमार के लॉकर से करोड़ों के आभूषण बरामद
भ्रष्टाचार के खिलाफ निगरानी अन्वेषण ब्यूरो, बिहार की कार्रवाई लगातार जारी है। इसी क्रम में निगरानी ब्यूरो ने रिश्वतखोरी के एक बड़े मामले में अहम खुलासा किया है। मुजफ्फरपुर के जिला कृषि पदाधिकारी सह परियोजना निदेशक (आत्मा) रहे सुधीर कुमार के बैंक लॉकर से एक करोड़ से अधिक मूल्य के आभूषण बरामद किए गए हैं।
निगरानी अन्वेषण ब्यूरो की मुख्यालय टीम ने 3 जनवरी 2026 को निगरानी थाना कांड संख्या 03/26 के तहत कार्रवाई करते हुए अभियुक्त सुधीर कुमार को 19 हजार रुपये रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया था। गिरफ्तारी के बाद पटना स्थित उनके आवास की तलाशी ली गई, जहां से 14 लाख रुपये नकद, निवेश से जुड़े कई दस्तावेज और बैंक पासबुक बरामद किए गए थे।
तलाशी के दौरान यह भी पता चला कि इंडियन बैंक की खजपुरा शाखा (बिहार वेटनरी कॉलेज, पटना-14 परिसर) में अभियुक्त और उनकी पत्नी के नाम से एक लॉकर संचालित है। इसके बाद अनुसंधान के क्रम में लॉकर का सत्यापन कराया गया। माननीय न्यायालय से अनुमति प्राप्त कर अभियुक्त को रिमांड पर लिया गया और पुलिस उपाधीक्षक मिथिलेश कुमार के नेतृत्व में विशेष तलाशी दल का गठन किया गया।
दिनांक 30 जनवरी 2026 को लॉकर की तलाशी के दौरान कुल 1,06,60,097 रुपये मूल्य के आभूषण बरामद किए गए। इनमें
- 447 ग्राम सोना (कीमत लगभग 57,66,356 रुपये),
- 11.50 ग्राम हीरा (कीमत लगभग 44,14,988 रुपये) और
- 2.36 किलोग्राम चांदी (कीमत लगभग 4,78,753 रुपये) शामिल है।
निगरानी अन्वेषण ब्यूरो ने स्पष्ट किया है कि इस मामले में अनुसंधान अभी जारी है और आगे भी कार्रवाई की जा सकती है।

