निगरानी अन्वेषण ब्यूरो (विजिलेंस) पटना की टीम ने मंगलवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए नवादा जिले के रोह अंचल कार्यालय में पदस्थापित राजस्व कर्मचारी गुलशन कुमार को 35 हजार रुपये रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया। इस कार्रवाई से स्थानीय प्रशासनिक महकमे में हड़कंप मच गया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, एक परिवादी ने निगरानी विभाग से शिकायत की थी कि जमीन से संबंधित कार्य के निष्पादन के बदले राजस्व कर्मचारी द्वारा 35 हजार रुपये की अवैध मांग की जा रही है। शिकायत की सत्यता की जांच के बाद निगरानी अन्वेषण ब्यूरो ने योजनाबद्ध तरीके से जाल बिछाया। तय योजना के तहत जैसे ही आरोपी कर्मचारी ने परिवादी से रिश्वत की राशि ली, टीम ने उसे मौके पर ही दबोच लिया।
गिरफ्तारी के बाद निगरानी टीम ने आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करते हुए आरोपी को अपने साथ पटना ले आई, जहां उससे पूछताछ की जा रही है। बताया जा रहा है कि आरोपी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया जाएगा।
इस कार्रवाई के बाद रोह अंचल कार्यालय में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। स्थानीय लोगों का कहना है कि जमीन संबंधी कार्यों में अवैध वसूली की शिकायतें लंबे समय से मिल रही थीं। निगरानी विभाग की इस कार्रवाई को भ्रष्टाचार के खिलाफ सख्त संदेश के रूप में देखा जा रहा है।
निगरानी अन्वेषण ब्यूरो ने स्पष्ट किया है कि भ्रष्टाचार के विरुद्ध अभियान लगातार जारी रहेगा और दोषी अधिकारियों-कर्मचारियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी।
