
Desk ASR
पटना के पाटलिपुत्र थाना क्षेत्र में शनिवार रात दबंगई की एक सनसनीखेज घटना सामने आई है। नेहरू नगर रोड नंबर–पांच में बाइक सवार बदमाशों ने साइड नहीं देने पर कार सवार जदयू नेता एवं पूर्व विधायक छोटेलाल राय के बेटे आशुतोष राय पर हथियार तान दिया। बदमाशों ने गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी और मौके से फरार हो गए।
घटना रात करीब साढ़े नौ बजे की है। आशुतोष राय अपने चालक के साथ कार से दवा लेने निकले थे। घर के पास संकरी गली में सामने से बाइक पर सवार दो युवक आ गए। साइड को लेकर विवाद हुआ और बाइक पर पीछे बैठा युवक नीचे उतरकर पिस्टल लहराते हुए कार चालक की ओर बढ़ गया। इस पूरी घटना का वीडियो सीसीटीवी कैमरे में भी कैद हुआ है।
सूचना मिलते ही पाटलिपुत्र थाने में केस दर्ज कर पुलिस जांच में जुट गई। डीएसपी-2 मो. मोहिबुल्लाह अंसारी ने बताया कि बाइक पर दो लोग सवार थे, जिनमें से एक फरार है। कुछ ही घंटों में पुलिस ने इंद्र नगर नाला के पास से एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। उसकी पहचान नालंदा जिले के इस्लामपुर निवासी विक्की सिंह के रूप में हुई है, जो वर्तमान में नेहरू नगर में रहता है।
पुलिस ने आरोपी के पास से बिना नंबर की बाइक, एक पिस्टल, एक मैगजीन और तीन गोलियां बरामद की हैं। विक्की सिंह पर पहले से आर्म्स एक्ट और मारपीट सहित सात आपराधिक मामले दर्ज हैं। फिलहाल पुलिस फरार बाइक चालक की तलाश में छापेमारी कर रही है।
