
Desk ASR
मोकामा के बाहुबली और पूर्व विधायक अनंत सिंह को दुलारचंद यादव हत्याकांड में एक बार फिर बड़ा कानूनी झटका लगा है। MP-MLA विशेष कोर्ट ने उनकी जमानत याचिका को खारिज कर दिया है। कोर्ट के इस फैसले के बाद अनंत सिंह की मुश्किलें और बढ़ गई हैं। हालांकि, उनके वकीलों ने साफ कर दिया है कि इस आदेश को अब पटना हाई कोर्ट में चुनौती दी जाएगी।
बताया जा रहा है कि दुलारचंद यादव हत्याकांड को लेकर अदालत में सुनवाई के दौरान अभियोजन पक्ष ने अनंत सिंह की भूमिका को गंभीर बताते हुए जमानत का विरोध किया। कोर्ट ने मामले की गंभीरता, आरोपों की प्रकृति और उपलब्ध साक्ष्यों को देखते हुए जमानत देने से इनकार कर दिया। MP-MLA कोर्ट का मानना है कि यह मामला केवल एक आपराधिक घटना नहीं, बल्कि कानून-व्यवस्था और जनप्रतिनिधियों की जिम्मेदारी से भी जुड़ा हुआ है।
वहीं, अनंत सिंह के वकीलों का कहना है कि उनके मुवक्किल को राजनीतिक साजिश के तहत फंसाया गया है और उनके खिलाफ लगाए गए आरोपों के समर्थन में ठोस सबूत नहीं हैं। वकीलों ने दावा किया कि हाई कोर्ट में तथ्यों और कानूनी पहलुओं को मजबूती से रखा जाएगा और वहां से न्याय मिलने की उम्मीद है।
मोकामा और आसपास के इलाकों में इस फैसले को लेकर राजनीतिक हलचल तेज हो गई है। समर्थकों बीबी में निराशा है, जबकि विरोधी खेमा इसे कानून की जीत बता रहा है। अब सभी की निगाहें पटना हाई कोर्ट पर टिकी हैं, जहां आनंद सिंह की जमानत को लेकर अगली कानूनी लड़ाई लड़ी जाएगी।
