
Desk ASR
बिहार में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार पर एक मुस्लिम महिला का हिजाब खींचने का वायरल वीडियो राष्ट्रीय ही नहीं, बल्कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी सुर्खियों में आ गया है। इस विवाद की आग अब पाकिस्तान तक पहुँच चुकी है, जहाँ के कुख्यात डॉन शहजाद भट्टी ने खुद एक धमकी भरा वीडियो जारी कर सीएम नीतीश कुमार को चेतावनी दी है। उसने कहा है कि मुख्यमंत्री को पब्लिकली माफी माँग लेनी चाहिए, नहीं तो परिणाम भुगतने होंगे, और बाद में यह न कहना कि “शहजाद भट्टी ने चेतावनी नहीं दी थी।”
यह धमकी उस समय सामने आई जब सोशल मीडिया पर पटना में आयोजित नियुक्ति कार्यक्रम का एक वीडियो वायरल हुआ था। इसमें यह देखा गया कि मुख्यमंत्री ने महिला डॉक्टर का हिजाब हटाया था। इसे लेकर विपक्षी दलों और सामाजिक संगठनों को तरफ से तीखी प्रतिक्रिया आ रही है और माफी की बातें तेज हो रही हैं। बॉलीवुड अभिनेत्री जायरा वसीम सहित कई हस्तियों ने इस घटना को महिला की गरिमा का उल्लंघन बताया है और बगैर शर्त माफी की अपील की है।
घटना को लेकर भारत में भी राजनीतिक आरोप प्रत्यारोप के स्वर तेज़ हैं। विपक्षी पार्टियों ने इसे व्यक्तिगत स्वतंत्रता और सम्मान का उल्लंघन करार दिया है, जबकि कुछ सरकार समर्थक नेताओं ने इसे भावनात्मक या गलत समझे गए व्यवहार के रूप में पेश करने की कोशिश की है। सार्वजनिक और राजनीतिक दबाव के बीच शिकायतें और प्रतिक्रियाएँ लगातार जोर पकड़ रही हैं।
यह मामला धार्मिक पहचान, व्यक्तिगत सम्मान, और राजनीति के बीच के संवेदनशील संतुलन को छू रहा है। जहाँ एक ओर सोशल मीडिया और राजनीतिक बयानबाज़ी तेज़ है, वहीं दूसरी ओर एक बाहरी व्यक्ति द्वारा दी गई धमकी ने इसे और जटिल बना दिया है। इस विवाद के भविष्य और किसी भी कानूनी कार्रवाई पर सभी की निगाहें बनी हुई हैं।
