पटना सिविल कोर्ट को ई-मेल के माध्यम से गंभीर धमकी मिलने के बाद प्रशासन अलर्ट मोड में आ गया है। कार्यवाहक निबंधक, सिविल न्यायालय, पटना की ओर से जारी आधिकारिक सूचना के अनुसार कोर्ट परिसर में विस्फोट की धमकी वाला ई-मेल प्राप्त हुआ है।


प्राप्त जानकारी के मुताबिक, यह ई-मेल 8 जनवरी 2026 को मिला, जिसमें सिविल कोर्ट परिसर में तीन आरडीएक्स आईईडी विस्फोट करने की बात कही गई है। यह धमकी लाइट (LITE) के सदस्य अधिवक्ता अरुण कुमार को किसी अज्ञात प्रेषक द्वारा भेजी गई बताई जा रही है।
मामले की गंभीरता को देखते हुए सिविल कोर्ट प्रशासन ने जिला बार एसोसिएशन, पटना को तत्काल सूचना देते हुए सभी अधिवक्ताओं को सतर्क करने और सुरक्षा के दृष्टिकोण से कोर्ट परिसर को तुरंत खाली कराने की व्यवस्था सुनिश्चित करने का अनुरोध किया है।
सूचना मिलते ही सुरक्षा एजेंसियां सतर्क हो गई हैं और स्थिति पर नजर रखी जा रही है। प्रशासन ने एहतियातन सभी आवश्यक कदम उठाने की बात कही है। फिलहाल धमकी की सत्यता की जांच की जा रही है और आगे की कार्रवाई सुरक्षा एजेंसियों द्वारा की जाएगी।
