पटना जिले के किसानों के लिए एक महत्वपूर्ण पहल के तहत फार्मर आईडी बनवाने का विशेष अभियान शुरू किया गया है। जिलाधिकारी, पटना ने सभी किसानों से अपील की है कि वे कृषि विभाग की विभिन्न योजनाओं का लाभ उठाने के लिए अनिवार्य रूप से अपनी फार्मर आईडी बनवाएं। इस उद्देश्य से जिले की हर पंचायत में 6 जनवरी से 9 जनवरी 2026 तक विशेष कैम्प लगाए जा रहे हैं।
प्रशासन के अनुसार, फार्मर आईडी किसानों की पहचान का एक महत्वपूर्ण माध्यम है, जिसके आधार पर उन्हें सरकारी योजनाओं जैसे बीज अनुदान, उर्वरक सब्सिडी, फसल बीमा, कृषि यंत्रीकरण योजना, किसान सम्मान निधि सहित अन्य लाभ सीधे और पारदर्शी तरीके से उपलब्ध कराए जाएंगे। जिन किसानों की फार्मर आईडी नहीं बनी है, वे इन योजनाओं के लाभ से वंचित रह सकते हैं।
जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया है कि यह अभियान पूरी तरह से किसान हित में है और इसके लिए पंचायत स्तर पर सुविधाजनक व्यवस्था की गई है। किसान अपने नजदीकी पंचायत में आयोजित विशेष कैम्प में आवश्यक दस्तावेजों के साथ उपस्थित होकर आसानी से फार्मर आईडी बनवा सकते हैं। कैम्पों में कृषि विभाग के अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहेंगे, जो किसानों को पूरी प्रक्रिया में सहयोग प्रदान करेंगे।
किसानों की सुविधा और समस्याओं के त्वरित समाधान के लिए कृषि विभाग का हेल्पलाईन नंबर 18001801551 तथा राजस्व एवं भूमि सुधार विभाग का हेल्पलाईन नंबर 18003456215 जारी किया गया है। इसके अतिरिक्त किसान जिला कृषि पदाधिकारी, अनुमंडल कृषि पदाधिकारी, प्रखंड कृषि पदाधिकारी, कृषि समन्वयक या किसान सलाहकार से भी संपर्क कर सकते हैं।
प्रशासन ने किसानों से अपील की है कि वे इस अवसर का लाभ उठाएं और निर्धारित तिथियों के भीतर अपनी फार्मर आईडी बनवाकर सरकारी कृषि योजनाओं से जुड़ें।


