चौंकाने वाला मामला दिल्ली से सामने आया है, जहां 27 वर्षीय शादीशुदा महिला की संदिग्ध हालात में मौत हो गई। महिला का शव उसके फेसबुक फ्रेंड के किराए के कमरे में पंखे से लटका मिला। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया है और पुलिस पूरे मामले की गहन जांच कर रही है।

पुलिस के अनुसार, मृतका कुछ दिन पहले अपने फेसबुक फ्रेंड से मिलने दिल्ली आई थी। युवक नॉर्थ वेस्ट दिल्ली में किराए के कमरे में रहकर एसएससी की तैयारी कर रहा था। महिला पिछले पांच दिनों से उसी कमरे में ठहरी हुई थी। शुरुआती जानकारी में सामने आया है कि दोनों के बीच सोशल मीडिया के जरिए पहचान हुई थी और बातचीत के बाद महिला उससे मिलने पहुंची थी।
बताया जा रहा है कि महिला चार दिनों तक युवक के साथ उसी कमरे में रही। इसी दौरान युवक किसी निजी कारण से अपनी दादी से मिलने बाहर चला गया। जब वह वापस लौटा तो कमरे का नजारा देखकर उसके होश उड़ गए। महिला का शव पंखे से लटका हुआ था। इसके बाद युवक ने तुरंत पुलिस को सूचना दी।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। कमरे की तलाशी ली गई, हालांकि मौके से कोई सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ है। पुलिस यह जानने की कोशिश कर रही है कि महिला ने आत्महत्या क्यों की या इसके पीछे कोई और वजह है।
मृतका शादीशुदा थी और उसके परिजनों को घटना की जानकारी दे दी गई है। परिजनों के बयान के आधार पर भी पुलिस जांच को आगे बढ़ा रही है। फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की छानबीन कर रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है।
