बिहार विधानसभा चुनाव के नतीजों के बाद लंबे समय तक सार्वजनिक गतिविधियों से दूर रहे नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव एक बार फिर सुर्खियों में हैं। विदेश में क्रिसमस और नववर्ष की छुट्टियां बिताने के बाद भारत लौटते ही उनकी सक्रियता ने बिहार की राजनीति में नई चर्चा को जन्म दे दिया है। इसी क्रम में तेजस्वी यादव उत्तराखंड पहुंचे, जहां उन्होंने अपने करीबी सहयोगी और आरजेडी की कोर टीम के सदस्य शारिक़ुल बारी की शादी में शिरकत की।

यह विवाह समारोह 7 जनवरी को उत्तराखंड के प्रसिद्ध जिम कॉर्बेट क्षेत्र में आयोजित हुआ। निजी कार्यक्रम होने के बावजूद तेजस्वी यादव की मौजूदगी को राजनीतिक नजरिए से काफी अहम माना जा रहा है। चुनाव के बाद वे सार्वजनिक मंचों से लगभग गायब थे, जिससे राजनीतिक गलियारों में उनके भविष्य को लेकर कई तरह की अटकलें लगाई जा रही थीं। अब शादी समारोह में उनकी सक्रिय भागीदारी ने उन चर्चाओं पर काफी हद तक विराम लगा दिया है।
इस मौके पर तेजस्वी यादव अकेले नहीं थे। उनके साथ आरजेडी सांसद संजय यादव, करीबी सहयोगी रमीज नेमत खान, विधायक ओसामा साहब, विधान परिषद सदस्य कारी शोएब, पार्टी प्रवक्ता शक्ति यादव और वरिष्ठ नेता भोला यादव भी मौजूद रहे। दिग्गज नेताओं की इस मौजूदगी ने समारोह को सियासी रंग दे दिया, जिसकी तस्वीरें और वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहे हैं।
राजनीतिक जानकारों का मानना है कि तेजस्वी यादव की यह यात्रा सिर्फ निजी नहीं, बल्कि पार्टी और कार्यकर्ताओं को संदेश देने वाली भी है। लंबे अंतराल के बाद उनकी सार्वजनिक उपस्थिति से आरजेडी कार्यकर्ताओं में नई ऊर्जा का संचार हुआ है।
सूत्रों के अनुसार, तेजस्वी यादव 9 जनवरी को पटना लौट सकते हैं। राजधानी पहुंचते ही वे पार्टी की संगठनात्मक मजबूती, आगामी राजनीतिक रणनीति और राज्य सरकार के खिलाफ नए सिरे से मोर्चा खोलने की तैयारी में जुटेंगे। नए साल में उनका फोकस जनता के बीच सक्रिय जनसंपर्क बढ़ाने और बिहार की मौजूदा सरकार को मुद्दों पर घेरने पर रहेगा। ऐसे में उनकी यह “ब्रेक के बाद वापसी” बिहार की राजनीति में नई हलचल पैदा करती दिख रही है।
