बिहार लोक सेवा आयोग (BPSC) ने स्पेशल स्कूल शिक्षक भर्ती परीक्षा की तिथि घोषित कर दी है। आयोग द्वारा जारी कार्यक्रम के अनुसार यह परीक्षा 29 जनवरी 2026 को आयोजित की जाएगी। इस भर्ती प्रक्रिया के तहत राज्य में विशेष शिक्षा से जुड़े कुल 7279 शिक्षक पदों पर नियुक्ति की जानी है। परीक्षा बिहार के अलग-अलग जिलों में बनाए गए केंद्रों पर होगी।
बीपीएससी की ओर से स्पष्ट किया गया है कि परीक्षा दो पालियों में कराई जाएगी। पहली पाली सुबह 10 बजे से दोपहर 12:30 बजे तक आयोजित होगी, जिसमें कक्षा एक से पांच तक के स्पेशल स्कूल शिक्षक पदों के लिए अभ्यर्थी परीक्षा देंगे। दूसरी पाली दोपहर 2:30 बजे से शाम 5 बजे तक होगी, जो कक्षा छह से आठ तक के शिक्षक पदों के लिए निर्धारित है।
पदों के वर्गीकरण की बात करें तो कक्षा एक से पांच के लिए 5334 पद तय किए गए हैं, जबकि कक्षा छह से आठ के लिए 1745 पदों पर भर्ती की जाएगी। यह भर्ती विशेष आवश्यकता वाले बच्चों की शिक्षा व्यवस्था को मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
जिन उम्मीदवारों ने इस परीक्षा के लिए पहले ही आवेदन कर दिया है, उन्हें अब अपनी तैयारी को अंतिम रूप देने की सलाह दी गई है। परीक्षा में शामिल होने के लिए एडमिट कार्ड आयोग द्वारा परीक्षा से कुछ दिन पहले जारी किए जाएंगे।
अभ्यर्थी अपना एडमिट कार्ड बीपीएससी की आधिकारिक वेबसाइट bpsc.bihar.gov.in पर जाकर डाउनलोड कर सकेंगे। वेबसाइट के होमपेज पर उपलब्ध संबंधित लिंक पर क्लिक कर लॉगिन विवरण भरना होगा। इसके बाद एडमिट कार्ड स्क्रीन पर दिखाई देगा, जिसे डाउनलोड कर प्रिंट निकालना अनिवार्य होगा।
बीपीएससी ने उम्मीदवारों से अपील की है कि वे परीक्षा से जुड़े दिशा-निर्देशों को ध्यान से पढ़ें और निर्धारित समय से पहले परीक्षा केंद्र पर पहुंचें।

