पटना के बेउर थाना क्षेत्र में पुलिस ने शराब तस्करी के खिलाफ एक बड़ी कार्रवाई करते हुए भारी मात्रा में अंग्रेजी शराब बरामद की है। इस दौरान एक युवक को मौके से गिरफ्तार किया गया है, जबकि तस्करी में इस्तेमाल की जा रही कार को भी जब्त कर लिया गया है। पुलिस की इस कार्रवाई से इलाके में सक्रिय शराब तस्करों में हड़कंप मच गया है।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, बेउर थाना को गुप्त सूचना मिली थी कि सिपारा 35 फीट इलाके के रास्ते एक कार से बड़ी मात्रा में अंग्रेजी शराब लाई जा रही है। सूचना मिलते ही वरिष्ठ अधिकारियों को इसकी जानकारी दी गई। उनके निर्देश पर बेउर थानाध्यक्ष अफसर हुसैन के नेतृत्व में एक विशेष छापेमारी टीम का गठन किया गया।
तय योजना के अनुसार, पुलिस टीम सुबह करीब 11:30 बजे बताए गए स्थान पर पहुंची और संदिग्ध होंडा सिटी कार को रोककर तलाशी ली। जांच के दौरान कार के अंदर से 750 एमएल की कुल 446 बोतल अंग्रेजी शराब बरामद की गई। जब्त शराब की कुल मात्रा लगभग 334.5 लीटर आंकी गई है।
मौके से एक युवक को हिरासत में लिया गया, जिसकी पहचान कुंदन कुमार (26 वर्ष) के रूप में हुई है। वह अरवल जिले के सिपाह वार्ड नंबर-06 का निवासी बताया गया है। पुलिस ने शराब तस्करी में प्रयुक्त होंडा सिटी कार (नंबर BR01BY9941) को भी जब्त कर लिया है।
तलाशी के दौरान पुलिस को कार से दिल्ली नंबर (DL7CF8951) की दो अलग-अलग नंबर प्लेट भी मिली हैं, जिससे अंतरराज्यीय तस्करी की आशंका जताई जा रही है। पुलिस का मानना है कि इस मामले में एक संगठित नेटवर्क सक्रिय हो सकता है।
फिलहाल पुलिस गिरफ्तार युवक से पूछताछ कर रही है और शराब तस्करी से जुड़े अन्य लोगों की पहचान करने में जुटी है। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।
