अगर आप FASTag का सालाना पास खरीदने या अपने मौजूदा पास को रिन्यू कराने की योजना बना रहे हैं, तो सावधान रहना बहुत जरूरी है। नेशनल हाईवे अथॉरिटी ऑफ इंडिया (NHAI) ने देशभर के वाहन मालिकों को एक नई ऑनलाइन धोखाधड़ी को लेकर चेतावनी जारी की है। बताया गया है कि कुछ फर्जी वेबसाइट और अनधिकृत लिंक लोगों को FASTag का वार्षिक पास दिलाने का झांसा दे रहे हैं।

अधिकारियों के अनुसार, ठग कॉल, SMS या व्हाट्सएप मैसेज के जरिए लोगों को आकर्षक ऑफर दिखाते हैं। इनमें FASTag पास जल्दी रिन्यू कराने या सस्ता सालाना पास देने का दावा किया जाता है। जैसे ही लोग दिए गए लिंक पर क्लिक करते हैं या QR कोड स्कैन करते हैं, उनसे बैंक डिटेल, OTP या FASTag से जुड़ी जानकारी मांगी जाती है। इससे न केवल पैसे की ठगी होती है, बल्कि निजी जानकारी के गलत इस्तेमाल का भी खतरा बढ़ जाता है। कुछ मामलों में लोगों को करीब 3,000 रुपये तक का नुकसान झेलना पड़ा है।
NHAI ने साफ किया है कि FASTag से जुड़ी कोई भी सेवा केवल आधिकारिक माध्यमों से ही ली जानी चाहिए। किसी भी अनजान लिंक, वेबसाइट या मैसेज पर भरोसा करना नुकसानदेह हो सकता है।
धोखाधड़ी से बचने के लिए जरूरी सावधानियां:
FASTag की खरीद या रिन्यूअल केवल अधिकृत बैंक एप या NPCI के MyFASTag पोर्टल से ही करें।
कॉल, SMS या व्हाट्सएप पर आए संदिग्ध मैसेज, लिंक या QR कोड को नजरअंदाज करें।
FASTag लेन-देन के लिए SMS और ईमेल अलर्ट चालू रखें और बैलेंस नियमित जांचते रहें।
किसी भी अनजान व्यक्ति के साथ OTP, FASTag नंबर या वाहन की जानकारी साझा न करें।
NHAI ने वाहन मालिकों से अपील की है कि सतर्क रहें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत संबंधित बैंक या हेल्पलाइन पर दें, ताकि समय रहते ठगी से बचा जा सके।
