अयोध्या स्थित श्रीराम जन्मभूमि मंदिर परिसर में शुक्रवार को सुरक्षा व्यवस्था से जुड़ा एक संवेदनशील मामला सामने आया, जिससे कुछ समय के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया। दर्शन के लिए पहुंचे श्रद्धालुओं के बीच एक व्यक्ति द्वारा मंदिर परिसर के भीतर धार्मिक गतिविधि करने की कोशिश की गई, जिसे सुरक्षा बलों ने तुरंत विफल कर दिया।


मिली जानकारी के अनुसार, संबंधित व्यक्ति दर्शनार्थी बनकर गेट डी-1 से मंदिर परिसर में प्रवेश करने में सफल रहा। अंदर पहुंचने के बाद वह सीता रसोई क्षेत्र के पास बैठ गया और वहां नमाज़ पढ़ने का प्रयास करने लगा। इस हरकत को देख आसपास मौजूद श्रद्धालुओं ने आपत्ति जताई और तुरंत सुरक्षाकर्मियों को सूचना दी।
मौके पर तैनात सुरक्षा कर्मियों ने तत्परता दिखाते हुए व्यक्ति को तत्काल हिरासत में ले लिया और उसे सुरक्षित स्थान पर ले जाया गया। पूछताछ के दौरान उसने अपना नाम अबू अहमद शेख बताया, जिसकी उम्र लगभग 55 वर्ष है। उसने खुद को जम्मू-कश्मीर के शोपियां जिले का निवासी बताया है।
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस, खुफिया विभाग और प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी मंदिर परिसर पहुंचे। सुरक्षा एजेंसियां अब इस बात की जांच कर रही हैं कि व्यक्ति अयोध्या किस उद्देश्य से आया था, मंदिर परिसर में प्रवेश करने के पीछे उसकी मंशा क्या थी और क्या यह किसी पूर्व नियोजित योजना का हिस्सा था।
प्राथमिक जांच में उसके पास से पहचान से जुड़े दस्तावेज और कुछ तस्वीरें बरामद होने की बात सामने आई है। हालांकि, किसी भी निष्कर्ष पर पहुंचने से पहले एजेंसियां सभी पहलुओं की गहराई से जांच कर रही हैं।
इस घटना के बाद श्रीराम जन्मभूमि परिसर की सुरक्षा व्यवस्था और कड़ी कर दी गई है। सभी प्रवेश द्वारों पर अतिरिक्त बल तैनात कर दिए गए हैं और श्रद्धालुओं की जांच पहले से अधिक सख्ती से की जा रही है।
एसपी सुरक्षा बलरामाचारी दुबे ने घटना की पुष्टि करते हुए कहा कि संदिग्ध से गहन पूछताछ जारी है और जांच पूरी होने के बाद ही स्थिति पूरी तरह स्पष्ट हो सकेगी


