पटना जिले के बाढ़ अनुमंडल में शनिवार देर रात कोहरे ने जानलेवा रूप ले लिया। बख्तियारपुर–मोकामा फोरलेन पर पूरा गांव के समीप एक भीषण सड़क हादसे में चार लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि कई अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए।

जानकारी के अनुसार, अथमलगोला थाना क्षेत्र में सड़क किनारे एक कंटेनर खड़ा था। घना कोहरा होने के कारण सामने का दृश्य बेहद सीमित था। इसी दौरान तेज रफ्तार से आ रही एक स्कॉर्पियो कंटेनर को देख नहीं सकी और सीधे उसमें पीछे से जा टकराई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि स्कॉर्पियो का अगला हिस्सा कंटेनर के अंदर तक घुस गया।
हादसे के तुरंत बाद पीछे से आ रही दो अन्य गाड़ियां भी नियंत्रण खो बैठीं और आपस में टकरा गईं। देखते ही देखते फोरलेन पर अफरा-तफरी मच गई। टक्कर में कई लोग गाड़ियों के अंदर फंस गए, जिन्हें बाहर निकालना बेहद मुश्किल हो गया।
चीख-पुकार सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और कड़ी मशक्कत के बाद फंसे लोगों को बाहर निकाला। सूचना मिलने पर अथमलगोला थाना की पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और सभी घायलों को इलाज के लिए नजदीकी अस्पताल भेजा।
पुलिस ने क्षतिग्रस्त वाहनों को सड़क से हटवाकर यातायात बहाल कराया और मामले की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक तौर पर हादसे की मुख्य वजह घना कोहरा और तेज रफ्तार मानी जा रही है।
