बिहार में भ्रष्टाचार के खिलाफ निगरानी अन्वेषण ब्यूरो की कार्रवाई लगातार तेज होती जा रही है। इसी कड़ी में गोपालगंज जिले के बरौली अंचल कार्यालय में तैनात राजस्व अधिकारी श्री विजय कुमार सिंह को 6,000 रुपये रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया गया है। यह कार्रवाई निगरानी थाना कांड संख्या 07/26 के तहत की गई, जिसकी प्राथमिकी 12 जनवरी 2026 को दर्ज की गई थी।

निगरानी अन्वेषण ब्यूरो की मुख्यालय टीम ने 13 जनवरी 2026 को योजनाबद्ध तरीके से यह ट्रैप कार्रवाई की। आरोपी अधिकारी को उनके ही कार्यालय कक्ष से रिश्वत की रकम स्वीकार करते समय गिरफ्तार किया गया। इस मामले में परिवादी श्री शैलेन्द्र साह, निवासी बघेजी, थाना बरौली, जिला गोपालगंज ने निगरानी ब्यूरो, पटना में लिखित शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में आरोप लगाया गया था कि जमीन के दाखिल-खारिज के बदले राजस्व अधिकारी द्वारा अवैध रूप से पैसे की मांग की जा रही है।
शिकायत मिलने के बाद निगरानी ब्यूरो ने पहले इसका सत्यापन कराया। सत्यापन के दौरान रिश्वत मांगने के स्पष्ट प्रमाण पाए गए, जिसके आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कार्रवाई की गई। पुलिस उपाधीक्षक श्री नरेन्द्र कुमार के नेतृत्व में गठित धावादल ने सफल ट्रैप कर आरोपी को पकड़ लिया।
गिरफ्तारी के बाद आरोपी से पूछताछ की जा रही है और आगे की कानूनी प्रक्रिया के तहत उन्हें माननीय विशेष न्यायालय, निगरानी, मुजफ्फरपुर में प्रस्तुत किया जाएगा। मामले में आगे की जांच जारी है।
उल्लेखनीय है कि वर्ष 2026 में निगरानी अन्वेषण ब्यूरो, बिहार द्वारा भ्रष्टाचार के विरुद्ध यह सातवीं प्राथमिकी है। इनमें से छह मामले ट्रैप से जुड़े हैं, जिनमें अब तक कुल पांच अभियुक्तों को रंगे हाथ गिरफ्तार किया जा चुका है। इन कार्रवाइयों में अब तक 73,000 रुपये रिश्वत की राशि बरामद की जा चुकी है, जो भ्रष्टाचार के खिलाफ सख्त रुख को दर्शाता है।
