बिहार सरकार ने जिलों में प्रशासनिक निगरानी और विकास कार्यों को और मजबूत करने के उद्देश्य से प्रभारी मंत्रियों की नई सूची जारी कर दी है। सामान्य प्रशासन विभाग (GAD) की ओर से जारी अधिसूचना के अनुसार, राज्य के 25 मंत्रियों को अलग-अलग जिलों का प्रभारी मंत्री नियुक्त किया गया है। यह आदेश तत्काल प्रभाव से लागू हो गया है और अगली सूचना तक प्रभावी रहेगा। इसके साथ ही पहले जारी की गई प्रभारी मंत्रियों की सूची को रद्द कर दिया गया है।

सरकार के मुताबिक, प्रभारी मंत्री अपने-अपने जिलों में जिला कार्यक्रम कार्यान्वयन समिति के अध्यक्ष भी होंगे। वे जिले में चल रही सभी विकास योजनाओं की नियमित समीक्षा, निगरानी और समयबद्ध क्रियान्वयन सुनिश्चित करेंगे। साथ ही कानून-व्यवस्था की स्थिति पर भी नजर रखेंगे और प्रशासनिक कामकाज में आ रही समस्याओं को सीधे अधिकारियों के समक्ष उठाएंगे। आम जनता से जुड़ी शिकायतों के निवारण पर भी विशेष ध्यान दिया जाएगा।
नई सूची के तहत उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी को राजधानी पटना का प्रभारी मंत्री बनाया गया है, जिसे प्रशासनिक दृष्टि से अहम जिम्मेदारी माना जा रहा है। वहीं विजय कुमार सिन्हा को मुजफ्फरपुर और भोजपुर जिले का प्रभार सौंपा गया है। विजय कुमार चौधरी को पूर्वी चंपारण और नालंदा, जबकि बिजेंद्र प्रसाद यादव को वैशाली और सारण जिले का प्रभारी मंत्री नियुक्त किया गया है।
सरकार का दावा है कि इस नई व्यवस्था से जिलों में विकास कार्यों की रफ्तार तेज होगी, योजनाओं की मॉनिटरिंग बेहतर होगी और अधिकारियों की जवाबदेही भी बढ़ेगी। प्रभारी मंत्री समय-समय पर जिलों का दौरा कर अधिकारियों के साथ बैठक करेंगे और किसी भी तरह की लापरवाही पर तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए जाएंगे।
