दरभंगा जिले से पुलिस की छवि को झकझोर देने वाला मामला सामने आया है। सोशल मीडिया पर वायरल हुए एक वीडियो के बाद बेंता थाना के थानाध्यक्ष हरेंद्र कुमार को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। वीडियो में थानाध्यक्ष पर एक वाहन चालक के साथ गाली-गलौज और अभद्र व्यवहार करने का आरोप है। मामले ने तूल पकड़ते ही वरीय पुलिस अधिकारियों ने संज्ञान लेते हुए कार्रवाई की।

दरअसल, यह वीडियो मंगलवार सुबह से सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा था। वीडियो में देखा जा सकता है कि बेंता थानाध्यक्ष हरेंद्र कुमार सड़क पर एक कार को रुकवाते हैं और चालक को गालियां देते हुए गाड़ी साइड में लगाने के लिए कहते हैं। कार की पिछली सीट पर बैठी महिला डॉक्टर तेजस्वीनी पांडे पूरे घटनाक्रम को मोबाइल में रिकॉर्ड कर रही थीं। वीडियो में डॉक्टर थानाध्यक्ष से शांतिपूर्वक यह कहते हुए सुनाई देती हैं कि यदि ट्रैफिक नियम का उल्लंघन हुआ है तो चालान काटा जाए, लेकिन इस तरह का व्यवहार क्यों किया जा रहा है।
डॉक्टर तेजस्वीनी पांडे का कहना है कि वाहन चालक से गलती से वन-वे में प्रवेश हो गया था। ऐसी स्थिति में पुलिस को नियमानुसार कार्रवाई करते हुए जुर्माना लगाना चाहिए था। उनका आरोप है कि इसके बजाय थानाध्यक्ष ने चालक के साथ लगातार अपशब्दों का प्रयोग किया और अभद्रता की। उन्होंने यह भी कहा कि एक जिम्मेदार पुलिस अधिकारी से इस तरह के व्यवहार की उम्मीद नहीं की जा सकती।
वहीं, थानाध्यक्ष हरेंद्र कुमार ने अपने बचाव में कहा है कि संबंधित सड़क वन-वे थी और वाहन को रुकने का इशारा किया गया था। उनके अनुसार, चालक ने पुलिसकर्मियों पर गाड़ी चढ़ाने का प्रयास किया, जिससे वे आवेश में आ गए और उसी क्रम में उनसे गलती से कुछ आपत्तिजनक शब्द निकल गए। हालांकि, उन्होंने यह स्वीकार किया कि ऐसी भाषा का प्रयोग नहीं होना चाहिए था।
सोशल मीडिया पर वीडियो के वायरल होने के बाद दरभंगा पुलिस प्रशासन हरकत में आया। वरीय अधिकारियों ने मामले की गंभीरता को देखते हुए थानाध्यक्ष हरेंद्र कुमार को तत्काल निलंबित कर दिया है। साथ ही पूरे मामले की विभागीय जांच के आदेश दिए गए हैं। अधिकारियों का कहना है कि जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
यह घटना एक बार फिर पुलिस के व्यवहार और जवाबदेही पर सवाल खड़े करती है। आम जनता का कहना है कि कानून का पालन कराने वालों को खुद कानून और मर्यादा के दायरे में रहकर ही कार्रवाई करनी चाहिए।
