
बिहार लोक सेवा आयोग (बीपीएससी) ने विज्ञापन संख्या 41/2025 के तहत परिवहन विभाग, बिहार में मोटरयान निरीक्षक पदों पर नियुक्ति के लिए आयोजित प्रतियोगिता परीक्षा का अंतिम परीक्षाफल जारी कर दिया है। यह परिणाम 28 जनवरी 2026 को आयोग की ओर से प्रकाशित किया गया।
आयोग के अनुसार, विज्ञापन संख्या 41/2025 के अंतर्गत लिखित (वस्तुनिष्ठ) परीक्षा के आधार पर कुल 81 अभ्यर्थियों को साक्षात्कार के लिए सफल घोषित किया गया था। इन उम्मीदवारों का साक्षात्कार 6 जनवरी 2026 से 8 जनवरी 2026 के बीच आयोजित हुआ, जिसमें 78 अभ्यर्थी उपस्थित हुए। जांच के दौरान दो अभ्यर्थियों के डिप्लोमा प्रमाण पत्र विज्ञापन की शर्तों के अनुरूप नहीं पाए गए, जिसके कारण उन्हें अनर्हित कर दिया गया। वहीं तीन अन्य अभ्यर्थियों के ड्राइविंग लाइसेंस विज्ञापन की शर्तों के अनुरूप न होने या अंतिम तिथि के बाद निर्गत होने के कारण आयोग द्वारा अयोग्य घोषित किया गया।
साक्षात्कार में सम्मिलित शेष 73 अभ्यर्थियों के लिए लिखित परीक्षा में प्राप्त अंक, शैक्षणिक योग्यता व अनुभव के आधार पर मिले अंक तथा साक्षात्कार के अंक जोड़कर संयुक्त मेधा सूची तैयार की गई। समान अंक होने की स्थिति में लिखित परीक्षा में अधिक अंक, फिर अधिक आयु और अंत में देवनागरी वर्णमाला के अनुसार नाम के आधार पर वरीयता तय की गई।
संयुक्त मेधा सूची के आधार पर कुल 28 रिक्त पदों के लिए आरक्षण कोटिवार चयन किया गया है। इनमें अनारक्षित, आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग, अनुसूचित जाति, अत्यंत पिछड़ा वर्ग, पिछड़ा वर्ग और पिछड़ा वर्ग की महिला श्रेणी के अभ्यर्थी शामिल हैं।
आयोग ने स्पष्ट किया है कि लिपिकीय या टंकण त्रुटि पाए जाने पर परिणाम में संशोधन संभव है। साथ ही, लिखित परीक्षा में सम्मिलित अभ्यर्थियों के अंक पत्र आयोग की आधिकारिक वेबसाइट पर शीघ्र प्रकाशित किए जाएंगे।
