बिहार में ठंड और कोहरे का असर लगातार बना हुआ है। राज्य के अधिकांश हिस्सों में सुबह और रात के समय घना कोहरा छाया रहने से जनजीवन प्रभावित हो रहा है। मौसम विज्ञान केंद्र, पटना ने राज्य के 14 जिलों में घने कोहरे को लेकर ‘येलो अलर्ट’ जारी किया है। कोहरे के कारण दृश्यता कम होने से सड़क और रेल यातायात पर भी असर देखने को मिल रहा है।

मौसम विभाग के अनुसार पूर्वी और पश्चिमी चंपारण, गोपालगंज, सिवान, सारण, वैशाली, समस्तीपुर, दरभंगा, मुजफ्फरपुर, शिवहर, सीतामढ़ी, मधुबनी, सुपौल, अररिया और किशनगंज जिलों में घने कोहरे की संभावना है। इन इलाकों में सुबह के समय दृश्यता बेहद कम रहने की आशंका जताई गई है, जिससे वाहन चालकों को विशेष सतर्कता बरतने की सलाह दी गई है।
राजधानी पटना सहित राज्य के अन्य हिस्सों में हल्का से मध्यम कोहरा छाया रहेगा। साथ ही सुबह और शाम के समय ठंड का प्रभाव बना रहेगा। पछुआ हवाओं के कारण कनकनी बढ़ गई है, जिससे लोग गर्म कपड़ों में लिपटे नजर आ रहे हैं। मौसम विभाग ने बताया कि फिलहाल ठंड से राहत मिलने के आसार कम हैं।
इस बीच पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से मौसम में एक बार फिर बदलाव की संभावना है। दो फरवरी को पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होगा, जिसके असर से तीन फरवरी को राज्य के बक्सर, भोजपुर, रोहतास, भभुआ, औरंगाबाद और अरवल जिलों के कुछ स्थानों पर हल्की बारिश हो सकती है। बारिश होने की स्थिति में तापमान में और गिरावट दर्ज की जा सकती है, जिससे ठंड और बढ़ने की संभावना है।
शनिवार को राज्य में सबसे कम न्यूनतम तापमान भागलपुर (सबौर) में 7.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं पटना का न्यूनतम तापमान 12.2 डिग्री सेल्सियस रहा। राज्य के विभिन्न हिस्सों में न्यूनतम तापमान 7.8 से 12.8 डिग्री सेल्सियस के बीच रिकॉर्ड किया गया। भागलपुर में दृश्यता सबसे कम लगभग 600 मीटर दर्ज की गई।
मौसम विभाग ने लोगों को सुबह और देर रात अनावश्यक रूप से घर से बाहर निकलने से बचने, वाहन चलाते समय फॉग लाइट का उपयोग करने और ठंड से बचाव के लिए आवश्यक सावधानियां बरतने की अपील की है। आने वाले दिनों में मौसम पर लगातार नजर बनाए रखने की सलाह दी गई है।
